डीडीए फ्लैटों के आवंटन का रास्ता साफ
नई दिल्ली। डीडीए के लकी ड्रॉ में सफल रहने वाले 5,280 लोगों को फ्लैटों के आवंटन की राह साफ हो गई है। शुक्रवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने डीडीए को फ्लैट आवंटित करने की अनुमति दे दी। पिछले साल दिसंबर में लकी ड्रॉ निकलने के बाद आवंटन प्रक्रिया में अनियमितता संबंधी आरोपों के कारण पूरा मामला विवाद में फंस गया था। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा डीडीए को क्लीन चिट देने वाली रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद जस्टिस जी एस सिस्तानी ने यह आदेश जारी किया। आर्थिक अपराध शाखा ने ड्रा प्रक्रिया में अनियमितता संबंधी आरोपों की जांच करने के बाद अदालत को अपनी रिपोर्ट सौंपी।