Stock market on boom. Sensex up by 507 points.
Stock market on boom. Sensex up by 507 points.
Source: बिजनेस भास्कर मुंबई
Published: November 05

शेयर बाजार ने फिर दिखाई तूफानी चाल


देश के शेयर बाजार गिरावट के रास्ते को छोड़कर फिर से तेजी की राह पर चल पड़े हैं। बुधवार को तो बाजार में यही नजारा देखने को मिला। बॉम्बे शेयर बाजार के सेंसेक्स की चाल तो और भी निराली नजर आई। लगातार छह दिन गिरावट दर्शाने के बाद सेंसेक्स ने 500 अंकों से भी ज्यादा की काफी ऊंची छलांग लगाई। संवेदी सूचकांक अंतत: 507.19 अंक अथवा 3.29 फीसदी उछल कर 15,912.13 अंक पर बंद हुआ। पिछले पांच महीनों में यह सेंसेक्स में सर्वाधिक बढ़त है। ग्लोबल आर्थिक संकट के समय सरकार द्वारा उद्योग जगत को दिए गए राहत पैकेज को फिलहाल जारी रखने के आश्वासन से ही निवेशक और कारोबारी काफी उत्साहित नजर आए। इसी तरह देश में पूंजी की आवक पर कोई अंकुश न लगाए जाने के आश्वासन से भी शेयरों की लिवाली एकदम से काफी बढ़ गई। ये सारे आश्वासन वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने दिए हैं।



बाजार के कुछ जानकारों ने बताया कि दुनिया भर के शेयर बाजारों से मिले तेजी के समाचारों और अनेक मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के कमजोर होने से भी यहां कारोबारी धारणा काफी मजबूत हो गई। आशिका स्टॉक ब्रोकर्स के रिसर्च प्रमुख पारस बोथरा ने बताया कि बाजार में दीपावली के बाद से ही करेक्शन का दौर जारी था। मंगलवार को भारी गिरावट दर्ज होने के बाद बाजार में तेजी के जल्द बहाल होने की उम्मीद की जा रही थी। सेंसेक्स बुधवार को 200 अंकों से भी ज्यादा की बढ़त के साथ खुला। इसके बाद भी सेंसेक्स में बढ़त का रुख जारी रहा। इससे पहले गत 27 मई को सेंसेक्स ने 520.41 अंकों की शानदार बढ़ोतरी दर्शाई थी।




Have Your Say

Your Say
Your Name
Email
Code