Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबई.
पिछले साल यशराज फिल्म्स की फिल्म ‘आजा नच ले’ से बॉलीवुड में पांच साल बाद वापसी करने वाली अभिनेत्री माधुरी दीक्षित अब मेघना गुलजार की अगली फिल्म ‘36-24-36’ में कॉमेडी करती नजर आएंगी। इस फिल्म का निर्माण प्रीतिश नंदी कम्युनिकेशन्स कर रहा है और यह माधुरी के करियर का पहला कॉमेडी रोल होगा।
इस बारे पूछे जाने पर मेघना ने बताया, ‘हां, यह सच है कि हमने माधुरी से इस बारे में बात की है लेकिन अभी इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जब वह पिछली बार भारत आई थीं, तब मैंने उन्हें फिल्म की स्क्रिप्ट सुनाई थी और उन्हें यह बेहद पसंद आई थी। अब जैसे ही फिल्म को लेकर काम शुरू होगा, माधुरी यहां आकर शूटिंग शुरू कर देंगी।’
जब मेघना से उनकी फिल्म के अजीबो-गरीब टाइटल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इसका यह टाइटल इसलिए रखा गया है क्योंकि इसकी कहानी वजन कम करने के ऊपर आधारित है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि माधुरी फिल्म में अपने किरदार के साथ पूरा न्याय करेंगी। मेघना का कहना है कि फिल्म में माधुरी का किरदार ऐसा है, जो उन्होंने अपने करियर में पहले कभी नहीं निभाया।
उन्होंने कहा कि वह जानती हैं कि शादी के बाद माधुरी सिर्फ तभी शूटिंग करना पसंद करती हैं, जब उनके बच्चे साथ हों और इसलिए वह फिल्म की शूटिंग तभी शुरू करेंगी, जब माधुरी बच्चों की छुट्टियों के दौरान अमरीका से भारत आ सकें।
उन्होंने कहा कि फिलहाल माधुरी ने उनके सामने ऐसी कोई शर्त तो नहीं रखी है, लेकिन वह इन सभी चीजों का खयाल रखकर ही शूटिंग शुरू करेंगे। फिलहाल तो वह बच्चन परिवार के टूअर ‘द अनफॉरगैटेबल्स’ की तैयारियों में व्यस्त हैं, इसके बाद ही फिल्म की शूटिंग के लिए तैयार हो पाएंगी।