News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
राज्य के 57 बीएड कालेजों में दाखिले के लिए काउंसिलिंग 21 जुलाई से शुरू होगी। फर्जी डिग्री का इस्तेमाल कर दाखिला लेने की कोशिश करनेवालों पर खास निगाह रखी जाएगी। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने पहली बार इसके लिए तीन विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों को काउंसिलिंग में आमंत्रित किया है।
शंकरनगर स्थित शिक्षा महाविद्यालय में 21 से 2 अगस्त तक चलने वाली काउंसिलिंग सुबह 9 बजे शुरू होगी। राज्य में पिछले साल 61 बीएड कालेज थे। इस साल नेशनल कौंसिल फार टीचर्स एजुकेशन (एनसीटीई) ने सात नए कालेजों को और मान्यता दी। इस तरह इनकी संख्या बढ़कर 68 हो गई। सभी कालेजों को मिलाकर अब सीटें 6988 हैं लेकिन 11 कालेजों पर प्रतिबंध लगने से सीटें घटकर 5888 रह गई हैं।
शिक्षा महाविद्यालय की प्राचार्य एवं काउंसिलिंग प्रभारी प्रतिमा अवस्थी ने भास्कर को बताया कि पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय ने 11 कालेजों में इस सत्र प्रवेश प्रतिबंधित किया है। इसकी अधिसूचना प्राप्त हो गई है। व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित प्री बीएड टेस्ट की मेरिट लिस्ट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। काउंसिलिंग दो पाली में होगी। हर पाली में 350 से 400 उम्मीदवारों को बुलाया गया है। इसके लिए स्नातक या स्नातकोत्तर कक्षा में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य है।
राज्य के ओबीसी,एसटी-एससी को इसमें पांच प्रतिशत अंक की छूट प्रदान की गई है। श्रीमती अवस्थी ने बताया कि काउंसिलिंग में पं.रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय,गुरुघासीदास विवि बिलासपुर और सीवी रमन विवि के एक-एक प्रतिनिधि को भी बुलाया गया है। अभ्यर्थी की जन्मतिथि, निवास प्रमाणपत्र, दसवीं-बारहवीं सहित स्नातक के तीनों वर्ष की मूल अंकसूची देखकर ही सीटें आबंटित की जाएंगी। कालेजों की सीटों का आबंटन कंप्यूटर साफ्टवेयर से होगा।
इन कालेजों पर बैन
रुंगटा कालेज आफ साइंस एंड टेक्नालाजी दुर्ग, इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालाजी एंड साइंस गरियाबंद, भिलाई मैत्री कालेज रिसाली, तक्षशिला कालेज भिलाई, वेदमाता एजुकेशन कालेज जगदलपुर, महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव कालेज जगदलपुर, भिलाई कालेज आफ इंफर्मेशन टेक्नालाजी नेहरूनगर, अपोलो कालेज दुर्ग, बीआईआईटी दुर्ग, डा. राजेंद्र प्रसाद शिक्षा महाविद्यालय भिलाईनगर एवं मनसा कालेज कुरुद (दुर्ग)।
सीटों की मारामारी
इस साल प्री-बीएड टेस्ट में तकरीबन 15 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए। एससीईआरटी ने इसमें से मेरिट सूची के अनुसार लगभग 8500 अभ्यर्थियों को पहले बुलाया गया है। लेकिन सीटें केवल 5888 हैं। गौरतलब है कि शिक्षाकर्मी भर्ती में बीएड अनिवार्य होने से इस कोर्स की डिमांड काफी बढ़ गई है। पिछले साल लगभग नौ हजार अभ्यर्थियों ने प्री बीएड टेस्ट दिया था। इस साल यह संख्या डेढ़ गुना से अधिक हो गया है। इसलिए दाखिले के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा रहेगी।