जयपुर. जेल में सजायाफ्ता कैदी डॉ. सुरेश गुप्ता पर चौथवसूली के लिए किए गए हमले की शिकायत सही पाई गई है। पुलिस ने पीड़ित के बयान ले लिए हैं। इस दौरान पीड़ित के नाक, कान व दांत में चोट होना पाया गया है।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई को डॉ. सुरेश की पत्नी डॉ. सुमन गुप्ता ने लालकोठी पुलिस में परिवाद दिया था। इसमें उसके पति से एक लाख रुपए मांगने व नहीं देने पर हमला करने की शिकायत की थी। पुलिस ने इस मामले में सोमवार को जेल में जाकर डॉ. सुरेश गुप्ता के बयान लिए। बयानों में बताया है कि कमलेंद्रसिंह कुड़की व दो अन्य ने 10 जुलाई को एक लाख रुपए जेल में शांति से रहने के नाम पर मांगे। मना करने पर मारपीट की। मारपीट से चोटों के निशान अभी पीड़ित के कान, नाक, होंठ व दांत पर पाए गए हैं। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल कराने के लिए जेल प्रशासन को लिखा है।
राष्ट्रीय राजमार्गो पर तैनात रहेगी मोबाइल वाहन सेवाएं : चिकित्सा मंत्री नरपत सिंह राजवी ने कहा है कि अगले माह तक ईएमआरआई की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोबाइल वाहनों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दुर्घटना होने की स्थिति में 180 पर डायल करने के तत्काल बाद आधा घंटे के दौरान वाहन उपलब्ध हो सकेगा।