जयपुर.प्रदेश भाजपा के ज्यादातर पदाधिकारियों ने मंत्रियों पर निशाना साधते हुए इस बार हुए तबादलों पर नाराजगी जाहिर की है। पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर के सामने यह तक कह दिया कि अपने ही आदमियों के साथ दगा किया गया है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में सोमवार को आयोजित पदाधिकारियों की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के बाद कई पदाधिकारियों ने अपना दर्द बयां किया। प्रदेशाध्यक्ष से शिकायती लहजे में इन पदाधिकारियों ने तबादलों को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में उनके कार्यकर्ताओं के तबादले नहीं हो पाए हैं। उनकी नाराजगी खासतौर पर शिक्षा विभाग को लेकर ज्यादा थी। पदाधिकारियों ने शिकायत की कि नीचे से लेकर ऊपर स्तर तक भाजपा कार्यकर्ताओं को तबादलों में काफी निराशा हुई है।
यह बात उठी कि जब भाजपा कार्यकर्ता ही तबादलों से खुश नहीं हैं तो आगामी चुनाव में वे किस हैसियत से पार्टी के लिए काम करेंगे। कुछ पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष को यह भी सुझाव दिया कि पार्टी कार्यकर्ताओं के पारिवारिक सदस्यों के तबादलों को लेकर मुख्यमंत्री से अनुरोध किया जाना चाहिए। यदि ऐसा नहीं होता है तो कार्यकर्ताओं को खुश कर पाना मुश्किल होगा। प्रदेश अध्यक्ष से मांग की गई कि बड़ी संख्या में हुए तबादले किन लोगों के हुए हैं, यह जांच की जानी चाहिए।
शिक्षा मंत्रियों के निवास पर प्रदर्शन :
तबादलों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ एकीकृत के पदाधिकारियों ने सोमवार को पहले शिक्षा राज्यमंत्री बाबूलाल वर्मा तथा बाद में शिक्षामंत्री कालीचरण सराफ के निवास पर प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने कहा कि मंत्रियों ने मनमाने ढंग से तबादले किए हैं। तबादलों की उच्च स्तरीय जांच करवाई जानी चाहिए।