जयपुर.
राजधानी में रविवार दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी से खुशनुमा हुए मौसम में लोगों ने पर्यटन स्थलों व उद्यानों में जमकर मौज-मस्ती की। सबसे ज्यादा पसंदीदा जगह रही नाहरगढ़।
रामनिवास बाग में भी अन्य दिनों के मुकाबले दुगने लोग थे। वैसे दोपहर तक तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 32.6 डिग्री पहुंचने से गर्मी बढ़ गई थी, पर करीब दो बजे काले बादल छाने, कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी और हवा चलने से उमस दूर हो गई।
वाहनों का जाम : दिनभर आमेर रोड पर वाहनों की आवाजाही के साथ ही पैदल चलने वालों की भी अच्छी आमदरफ्त रही। नाहरगढ़ रोड पर वाहनों की रेलमपेल दिखाई दी। एक बार जयगढ़ से आगे की सड़क पर जाम लग गया। उस दौरान पर्यटन पुलिस का अता-पता नहीं था। सैर करने वाले लोगों ने ही सूझबूझ से जाम खुलवाया।
हर कोना बना फोटोग्राफी स्पॉट : रविवार को आमेर, मावठा, सागर, जलहमल तथा नाहरगढ़ रोड का हर कोना फोटोग्राफी स्पॉट बना हुआ नजर आया। कई परिवारों ने दोपहर का भोजन पहाड़ों की हरी-भरी वादियों में किया। चरण मंदिर के पास भुट्टे बेचने वालों की भी मौज रही।
जलमहल में मेला : सुबह नौ बजे से ही लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। दोपहर तक तो वहां मेले जैसी स्थिति बन गई। खुले में सामान बेचने वालों की संख्या अन्य दिनों की बजाय कुछ ज्यादा ही थी। शाम तक तो लोगों को बैठने के लिए भी जगह नहीं मिली। रविवार को बच्चों सहित बड़े-बूढ़ों ने पिकनिक का जमकर लुत्फ उठाया। इसके अलावा कनक घाटी, मावठा, परियों का बाग, दलाराम का बाग, गलताजी तथा चूलगिरि में भी लोगों की खासी भीड़ रही।
पानी को तरसे प्राकृतिक स्रोत : कदंब कुंड में मामूली पानी आया है, जबकि आमेर के मावठे के लिए तो लोग कहने लग गए हैं कि यहां दो दिन तक लगातार तेज बारिश के बाद ही पानी आएगा। सागर में भी पानी की आवक नहीं हुई है। इसके बावजूद इन सभी जगहों पर रविवार को अच्छी रौनक रही।