bhaskar Web English
HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

चमन होगा जगतपुरा

जयपुर. जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) जगतपुरा इलाके को गुड़गांव की तर्ज पर विकसित करेगा। सबसे पहले इस इलाके के बरसों पुराने सेक्टर प्लान को अमल में लाया जाएगा।

पहले चरण में जेडीए 100 करोड़ रुपए खर्च करेगा। इससे क्षेत्र में 80, 100 और 200 फुट चौड़ी सड़कें बनाई जाएंगी। जगतपुरा में सेक्टर सड़कें बनने के बाद आसपास के इलाके का तेजी से विकास हो सकेगा। साथ ही मंजूरशुदा प्रोजेक्ट्स भी पूरे हो सकेंगे।

जेडीए का मानना है कि जगतपुरा, महल, खो नागोरियान, लूणियावास और गोनेर के आसपास का क्षेत्र शहर से नजदीक होने के कारण वहां भवन निर्माण के लिए गुड़गांव जैसी संभावनाएं मौजूद हैं।

सबसे ज्यादा प्रोजेक्ट्स
राज्य सरकार ने जगतपुरा के आसपास मेडिकल, आईटी और रियल एस्टेट से जुड़ी कई बड़ी कंपनियों को जमीनें दी हैं। इनमें ट्रिनिटी हॉस्पिटल, बॉम्बे हॉस्पिटल, रिलायंस मेडिसिटी, कई कॉलेज और इंस्टीट्यूट्स शामिल हैं। इसके अलावा विद्याधरनगर की तर्ज पर महल रोड पर जगतपुरा सेंट्रल स्पाइन योजना भी प्रस्तावित है। इसके आगे सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र और हाउसिंग बोर्ड की एनआरआई जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएं हैं। इन सबको देखते हुए जेडीए के लिए इस क्षेत्र के सड़क नेटवर्क को विकसित करने का भारी दबाव है, क्योंकि सड़कों के बिना इन योजनाओं की कनेक्टिविटी संभव नहीं है।

तीन साल पहले भी हुई थी तैयारी
जगतपुरा के लिए सेक्टर सड़कें बनाने की तैयारी तीन साल पहले भी की गई थी और 80 से लेकर 200 फुट चौड़ी सड़कों के लिए डिमार्केशन का काम भी लगभग पूरा हो चुका था। सेक्टर प्लान में चौड़ी-चौड़ी सड़कें देखकर ही बड़े बिल्डरों ने यहां अपने फ्लैट्स लांच किए। जयपुर से बाहर की रियल एस्टेट से जुड़ी बड़ी कंपनियों ने भी सबसे पहले इसी क्षेत्र को अपने प्रोजेक्ट्स के लिए चुना। बाद में मंदी का दौर आने और जेडीए की ओर से सड़क विकास से ध्यान हटाने के कारण लगभग डेढ़ दर्जन बड़े प्रोजेक्ट अटक गए।

जगतपुरा के आसपास के क्षेत्र को आधुनिक जयपुर के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए गुड़गांव की तर्ज पर सबसे पहले सड़क नेटवर्क का काम हाथ में लिया गया है। इसके लिए इंजीनियरिंग, टाउन प्लानिंग शाखा के आला अफसर, संबंधित जोन उपायुक्त व जोनल इंजीनियरों की सोमवार को बैठक रखी गई है।
-अशोक जैन, आयुक्त, जेडीए





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: