छतरपुर.भारतीय जनता युवा मोर्चा के छतरपुर जिला अध्यक्ष पंकज द्विवेदी सहित तीन लोगों की शनिवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि छत्रसाल नगर के पास इन लोगों की जीप सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। चार लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें ग्वालियर रैफर कर दिया गया है, जबकि एक अन्य घायल का जिला अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि पंकज द्विवेदी शुक्रवार की रात अपने चचेरे भाई की शादी में बसाटा गांव गए थे।
समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। हादसे की खबर सुनते ही सुबह से अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में भाजपा नेता और मोर्चा कार्यकर्ता एकत्र हो गए। बाद में तीनों शवों को गृहनगर लौंड़ी ले जाया गया। जहां तीनों का अंतिम संस्कार किया गया।