जयपुर/बगरु/दूदू.
अजमेर हाइवे पर गुरुवार देर रात को पांच हथियारबंद डकैतों ने दो पेट्रोल पंपों से करीब ढाई लाख रुपए लूट लिए। पुलिस के अनुसार दोनों जगह लूट करने वाले वही लोग थे।
लुटेरों ने वारदात से पहले पेट्रोलपंप कर्मियों से मारपीट कर चार को घायल कर दिया और बाद में उन्हें बाथरूम व रसोई में बंद कर सारी लाइटें बंद कर फरार हो गए।
डकैतों ने पहले रात 2.05 बजे के बजे दूदू से 13 किमी दूर जयपुर की ओर प्रकाश एंड कंपनी के डीजल पंप को निशाना बनाया। कार से आए पांच लोगों के हाथों में रिवाल्वर थे।
उन्होंने आते ही पंप कर्मचारियों पर लात-घूंसे बरसाए और कनपटियों पर रिवॉल्वर तानकर कैबिन में एक तरफ बिठा दिया। वहां रखे डंडे से फिर दोनों को मारा और ऑफिस की आलमारियां खोलकर रुपए निकाल लिए। इसके बाद उन्होंने कैबिन के पीछे सो रहे तीन अन्य कर्मचारियों की भी पिटाई की। यहां से लगभग एक लाख रुपए लेकर सभी पांच कर्मचारियों को आफिस में बने बाथरूम में बंद कर भाग गए।
बगरू में भी लूट: ये ही डकैत करीब तीन बजे बगरू से तीन किमी आगे छीतरोली ए.आर. ट्रेडर्स पेट्रोल पंप पर पहुंचे और सेल्समैन भंवर लाल की कनपटी पर रिवाल्वर तान दी। वहां सो रहे दूसरे सेल्समैन राजेंद्र सिंह के सिर में डंडे से दो वार किए।
इन डकैतों ने वहां बारिश से बचने के लिए खड़े दो लोगों के सिर फोड़ दिए और 10 हजार रुपए, अंगूठी, कानों से सोने की मुर्की खोल ली। पंप पर मिले चार लोगों को जेनरेटर के कमरे में बंद कर डकैतों ने मुनीम राजेश सिंह व सेल्समैन ताराचंद से मारपीट की। यहां लगभग 1.5 लाख रुपए की लूट के बाद कर्मचारियों को रसोई में बंद कर लुटेरे भाग निकले।
दोनों जगह पुलिस देर से पहुंची: दूदू पुलिस को 13 कि.मी. दूर पालूकला में पहुंचने में पौन घंटा लगा, जबकि बगरू पुलिस को 3 कि.मी. पेट्रोल पंप पर पहुंचने में आधा घंटा लग गया। इसके बाद मौके पर अधिकारी पहुंचे और फिंगर प्रिंट व एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया।
कार विश्वकर्मा में मिली: दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने नाकाबंदी कराई। इस दौरान विश्वकर्मा के रोड नं. 14 के समीप गहरे हरे रंग की सोनालिका-रेहाना कार मिली। हरियाणा नंबर की इस बार में बीड़ी-माचिस, बीयर की बोतल व पालूकला से लिया डंडा मिला है।
भिवानी से 8 को ली थी कार: पुलिस के अनुसार यह कार 8 जुलाई को सुबह भिवानी (हरियाणा) से डकैतों ने किराए के नाम पर ली थी। इसके बाद मालिक ने चालक सहित कार के गायब होने का मामला पुलिस में दर्ज कराया था।
पहले दिन ही डकैती : 8 जुलाई को कार किराए पर लेने के बाद पांचों डकैतों ने झुझुनूं जिले चिड़ावा में पेट्रोल पंप पर डकैती डाली थी। वहां भी वे पेट्रोलपंप कर्मियों को इसी तरह बाथरूम में बंद कर फरार हो गए थे।