bhaskar Web English
HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

पुलिस, प्रशासनिक अफसरों को पदोन्नति

जयपुर. राज्य में शुक्रवार का दिन पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के नाम रहा। राज्य पुलिस सेवा के 32 अफसरों को उच्च पदों पर पदोन्नति दी गई। इनमें 21 को डीवाईएसपी से एडीशनल एसपी बनाया गया।

8 को वरिष्ठ से चयनित और 3 को चयनित से सुपर टाइम वेतन श्रंखला में पदोन्नति दी गई। इनके साथ ही छह आरपीएस अफसरों को भारतीय पुलिस सेवा में पदोन्नति के लिए केन्द्र ने हरी झंडी दे दी। इनके साथ ही राज्य के तीन आईएएस अधिकारियों का केन्द्र में प्रतिनियुक्ति पर जाने का रास्ता साफ हो गया।

केन्द्र सरकार ने 5 आईएएस अधिकारियों का प्रतिनियुक्ति के पैनल में चयन होने की सूचना राज्य सरकार को दी है। दो आईएएस अधिकारी पहले से ही केन्द्र में प्रतिनियुक्ति पर हैं। इधर, राज्य के कार्मिक सचिव संजय मल्होत्रा शुक्रवार को 10 माह की लंबी छुटटी पर चले गए। वे अमेरिका में वल्र्ड बैंक के फैलोशिप प्रोग्राम में पाठ्यक्रम पर गए हैं। सरकार ने नए कार्मिक सचिव की तलाश शुरू कर दी है।

ये बने आईपीएस अफसर : राज्य पुलिस सेवा के 6 अधिकारी भारतीय पुलिस सेवा में पदोन्नत किए गए हैं। इन अधिकारियों की पिछले दिनों केन्द्रीय लोक सेवा आयोग और गृह मंत्रालय के अधिकारियों की मौजूदगी में पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी हुई थी।

इन अधिकारियों की पदोन्नति के संबंध में केन्द्र सरकार का पत्र राज्य सरकार को मिल गया है। जिन अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा में पदोन्नत किया गया है, उनमें वी.के. बांगड़, सुरेन्द्र कुमार, महेन्द्र चौधरी, प्रवीण शर्मा, हबीब खां गोरान और वीरभान अजमानी हैं। भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों की जल्दी ही जारी होने वाली तबादला सूची में इन अफसरों को भी भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी के रूप में पोस्टिंग दी जाएगी।

21 एडीशनल एस.पी बने : राज्य पुलिस सेवा के 21 अधिकारियों को पुलिस उपाधीक्षक से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इनके साथ ही 8 पुलिस अधिकारियों को वरिष्ठ से चयनित वेतन श्रंखला और 3 अधिकारियों को चयनित वेतन श्रंखला से सुपर टाइम स्केल में पदोन्नत किया गया है।

गृह विभाग के प्रमुख सचिव एस.एन. थानवी ने बताया कि शुक्रवार को हुई विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक में इन अधिकारियों की पदोन्नति पर मुहर लगा दी गई। गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया के अनुमोदन के बाद इनकी पदोन्नति के आदेश जारी कर दिए जाएंगे।

कार्मिक सचिव लंबी छुट्टी पर : कार्मिक सचिव संजय मल्होत्रा शुक्रवार को करीब 10 माह की लंबी छुट्टी पर चले गए। वे अमेरिका के न्यूजर्सी में विश्व बैंक के फैलोशिप के तहत मास्टर्स इन पब्लिक पॉलिसी फॉर मिड कैरियर्स प्रोफेशल्स पाठ्यक्रम में प्रशिक्षण लेंगे।

नए कार्मिक सचिव के लिए वन सचिव प्रेमसिंह मेहरा, सूचना एवं जन संपर्क आयुक्त रोहित कुमार सिंह, चिकित्सा शिक्षा सचिव डॉ. गोविंद शर्मा, आयुक्त मिड डे मील एवं सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार सुधांश पंत के नाम चर्चा में रहे। इनमें कार्मिक सचिव का कार्यभार वन सचिव प्रेमसिंह मेहरा को मिलने की संभावनाएं अधिक हैं।

ये जाएंगे प्रतिनियुक्ति पर : कार्मिक विभाग के अनुसार जिन आईएएस अधिकारियों का प्रतिनियुक्ति के लिए चयन हुआ है, उनमें प्रमुख आवासीय आयुक्त राजीव महर्षि, कृषि एवं उद्यान विभाग के प्रमुख सचिव आशीष बहुगुणा, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के प्रमुख सचिव रामलुभाया शामिल हैं।

इनके साथ ही केन्द्र में प्रतिनियुक्ति पर चल रहे आईएएस अधिकारी जी.एन. हल्दिया और अरविंद मायाराम का केन्द्र में ही उच्च पद के पर प्रतिनियुक्ति के लिए भी चयन हुआ है। हल्दिया इस समय योजना आयोग में उपाध्यक्ष के सलाहकार हैं, जबकि अरविंद मायाराम आर्थिक मामला विभाग में संयुक्त सचिव हैं। अब हल्दिया को सचिव स्तर की और मायाराम को अतिरिक्त सचिव स्तर की पोस्टिंग मिलेगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: