भोपाल. राजधानी के आसमान पर पिछले दो दिन से छाए बादलों ने अब राजस्थान का रुख कर लिया है। गुरुवार की रात हुई तेज बारिश के बाद शुक्रवार का दिन बारिश के लिहाज से सामान्य रहा। बादलों ने राजस्थान की ओर रुख कर लिया है।
विशेषज्ञों के मुताबिक भोपाल के आसमान पर छाए मानसून के बादल अब कमजोर पड़ गए हैं। शनिवार को यह और कमजोर होंगे और रविवार तक आसमान लगभग साफ हो जाएगा।
शुक्रवार को मानसून के बादल पश्चिम की ओर बढ़े और अब यह राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में बरसेंगे। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि दो दिन में आसमान साफ होने के बाद मानसूनी बादल 15-16 जुलाई तक एक बार फिर भोपाल के आसमान को घेरेंगे तब पुन: तेज बारिश की संभावना रहेगी।
तापमान बढ़ा
शुक्रवार को बारिश की बौछारों के बीच शहर का न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो बीते रोज की तुलना में 0.8 डिग्री अधिक रहा। दोपहर में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज हुआ जो बीते रोज की तुलना में एक डिग्री ज्यादा है। तापमान में यह वृद्धि बादलों के छाए रहने से हुई।
फुहारों ने भिगोया
शुक्रवार की दोपहर में कुछ देर के लिए बादल छटे जिससे बादलों के बीच से सूरज ने झांकने की कोशिश की परंतु कुछ देर बाद ही सूरज को पुन: बादलों ने ढक लिया और हल्की बारिश शुरू हो गई। शुक्रवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश की हल्की फुहारों ने शहर को भिगोए रखा।