bhaskar Web English
HomeNewsNational National

अमर सिंह के निशाने पर रहेंगे मुरली देवड़ा

नई दिल्ली.केंद्र में कांग्रेस की नई सहयोगी समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता अमर सिंह ने यह साफ कर दिया है कि वह पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा के खिलाफ छेड़ी गई अपनी जंग जारी रखेंगे।

केंद्रीय मंत्री पर एक और हमला करते हुए अमर सिंह ने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के मुखिया मुकेश अंबानी के साथ मधुर संबंध होने के कारण देवड़ा को पेट्रोलियम मंत्रालय स्वीकार नहीं करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि अमिताभ बच्चन और अनिल अंबानी के साथ गहरी दोस्ती के कारण वे कभी भी सूचना-प्रसारण तथा दूर संचार मंत्रालय स्वीकार नहीं करेंगे।

एक मुलाकात में उन्होंने कहा, ‘मैं देवड़ा के इस्तीफे की मांग नहीं कर रहा हूं, लेकिन उन्हें भी मेरी तरह सोचना चाहिए। वे मुकेश अंबानी के इतने खास हैं कि रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के मुखिया उन्हें मुरली अंकल कहकर पुकारते हैं।’ उन्होंने जोर देकर कहा, ‘कोई मांग किए बगैर हमने केंद्र सरकार को बिना शर्त समर्थन दिया है।’

भेदभाव क्यों :

उन्होंने कहा, ‘अगर मैं स्पैक्ट्रम के विषय में कोई बात करता हूं तो इसे तुरंत अनिल अंबानी से मेरी दोस्ती के साथ जोड़ दिया जाता है। लेकिन निजी तेल कंपनियों द्वारा बढ़ाए जा रहे टैक्सों को देवड़ा द्वारा गलत नहीं कहे जाने पर कोई मुकेश अंबानी के साथ उनकी दोस्ती के बारे में बात नहीं करता है।’

निजी कंपनियों पर लगे भारी कर:

प्रधानमंत्री को भेजे गए अपने दो पत्रों में लिखी गई बात को दोहराते हुए सपा नेता ने कहा कि सरकार को निजी तेल कंपनियों पर भारी कर लगाने के साथ टेलीकॉम कंपनियों को आसानी से स्पैक्ट्रम मुहैया कराने की खुली नीति अपनानी चाहिए।

अनिल के लिए नहीं मांग रहा रियायत:

अमर सिंह के अनुसार वे ये मुद्दे अनिल अंबानी के साथ अपनी दोस्ती के कारण नहीं उठा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं अनिल अंबानी के लिए रियायत नहीं मांग रहा हूं और न ही उन पर कृपा करने के लिए कह रहा हूं। मैं तो बस प्रमुख लोगों द्वारा उठाए गए प्रश्नों को दोहरा रहा हूं।’





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: