नई दिल्ली/नोएडा
सीबीआई ने शुक्रवार को आरुषि-हेमराज हत्याकांड में प्रमुख संदिग्ध माने गए और गत 50 दिनों से जेल में बंद डॉ. राजेश तलवार को क्लीन चिट देते हुए कहा कि उनके खिलाफ उसे अब तक कोई सबूत नहीं मिला है। इसके बाद गाजियाबाद की अदालत ने डॉ. तलवार को 10 लाख रुपए के मुचलके पर जमानत दे दी।
सीबीआई के ज्वाइंट डायरेक्टर और मामले के मुख्य जांचकर्ता अरुण कुमार ने जल्दी में बुलाई प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अब जांच उन घरेलू नौकरों की भूमिका पर केंद्रित हो गई है, जिन्होंने कथित रूप से आरुषि व हेमराज की हत्या करने के पूर्व 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
कृष्णा घेरे में
उन्होंने कहा कि डॉ. तलवार का कम्पाउंडर कृष्णा मुख्य संदिग्ध के रूप में उभरा है, क्योंकि उसका मनोवैज्ञानिक परीक्षण और पोलीग्राफिक टेस्ट में अपराध से संबंधित सभी प्रमुख बिंदुओं पर झूठ बोलने के संकेत मिले हैं। अरुण कुमार ने कहा, ‘कृष्णा का ब्रेन फिंगर प्रिंटिंग और नाकरे एनालिसिस टेस्ट किया गया था और उसने राजकुमार व विजय मंडल के साथ अपराध में शामिल होना स्वीकार किया है।’
सबूत नहीं
सीबीआई अधिकारी ने बताया, ‘हमने गाजियाबाद की अदालत को बताया कि डॉ. तलवार के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला है और नोएडा पुलिस को भी ऐसा कोई सबूत नहीं मिला था।’
मंडल गिरफ्तार
सीबीआई के संयुक्त निदेशक ने बताया कि शुक्रवार को तलवार के पड़ोसी के एक अन्य घरेलू नौकर विजय मंडल को कथित रूप से हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
ऐसे हुआ अपराध
अरुण कुमार ने अपराध का दृश्य खींचते हुए कहा कि ये तीनों हेमराज के कमरे में इकट्ठे हुए, वहां शराब पी और आरुषि के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। हेमराज द्वारा विरोध करने पर उसकी भी हत्या कर दी गई।जमानत मिली : इस बीच, विशेष जज सपना मिश्रा ने डॉ. तलवार को पांच-पांच लाख के दो निजी मुचलकों पर जमानत दे दी।
कृष्णा और राजकुमार की हिरासत बढ़ी
कोर्ट ने मामले में आरोपी कृष्णा और राजकुमार की न्यायिक हिरासत 14 दिनों के लिए बढ़ा दी है।
ऐसे बनी मर्डर मिस्ट्री
पिछले दो महीने आरुषि हत्याकांड की खबरें सबसे ज्यादा सुर्खियों में रही। इस दौरान कई तरह की थ्योरियां सामने आईं। जिसमें से तीन थ्योरी सबसे ज्यादा चर्चित रही।
1 आरुषि की मम्मी डॉ. नुपूर तलवार और डॉ. राजेश तलवार के अलग-अलग लोगों से अवैध संबंध थे। आरुषि को इस बात का पता चला तो उसने इसका विरोध किया जिसके कारण मां-बाप ने मिलकर आरुषि को मार डाला
2 कृष्णा, राजकुमार, हेमराज छत पर बैठ कर शराब पी रहे थे तभी कृष्णा और राजकुमार ने आरुषि पर बुरी नजर डाली। हेमराज ने उनका विरोध किया तो कृष्णा और राजकुमार ने मिलकर हेमराज को मार डाला और आरुषि को भी रेप करने के बाद मार डाला।
3 डॉ. तलवार के नौकर हेमराज के डॉ. नुपूर तलवार और आरुषि से अवैध संबंध थे और जब डॉ. तलवार को इसका पता चला तो उन्होंने हेमराज और आरुषि दोनों को मार डाला।