bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

‘मास्टरजी आए पर खाना नहीं मिला’

इंदौर. नया शिक्षण सत्र शुरू होते ही सरकारी स्कूलों में अनियमितताओं की शिकायतें आने लगी हैं। एक नया मामला सामने आया है जो सांवेर तहसील के गवला गांव का है। यहां संयुक्त संचालक एस.बी. सिंह ने आकस्मिक निरीक्षण में बच्चों से जब पूछा कि पढ़ाई कैसी चल रही है तो जवाब मिला- मास्टरजी आए पर आज खाना नहीं मिला।

ग्राम गवला के माध्यमिक स्कूल में निरीक्षण के लिए दोपहर 3 बजे पहुंचे श्री सिंह ने बताया स्टाफ से पूछताछ करने पर पता चला कि बच्चों को मध्याह्न् भोजन ही नहीं दिया गया। स्कूल के 300 बच्चों को गरीब नवाज स्वयं सहायता समूह के माध्यम से भोजन सप्लाय होता है। उक्त समूह आए दिन किसी न किसी बहाने से भोजन नहीं पहुंचाता। इसके अलावा भोजन की मात्रा भी निर्धारित मापदंड से काफी कम होती है।

इस संबंध में कई दिनों से शिकायत मिल रही थी। मौके पर ही भोजन पहुंचाने वाली संस्था पर पंचनामे की कार्रवाई की। श्री सिंह ने बताया सीईओ जिला पंचायत, सीईओ सांवेर और विकासखंड शिक्षा अधिकारी को कार्यालय द्वारा कार्रवाई के लिए कहा गया है। श्री सिंह ने माध्यमिक स्कूल कुढ़ाना का भी निरीक्षण किया जहां रमेशचंद्र जैन नामक कर्मचारी चार दिन से अनुपस्थित था। उसके लिए भी संकुल प्राचार्य को अनुपस्थित दिनों का वेतन काटने का आदेश दिया है।

15 जुलाई से चलेगा अभियान
संयुक्त संचालक ने बताया 15 जुलाई से संभाग स्तर पर निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इनमें शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति, शिक्षक-पालक संघ की गतिविधि, शैक्षणिक गुणवत्ता और अन्य कार्यो की समीक्षा भी की जाएगी। इसके लिए संयुक्त संचालक के अलावा सहायक संचालकों के दल बनाए जाएंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: