bhaskar Web English
HomeNewsMetrosChandigarh Chandigarh

डील को लेकर अकाली नाराज

चंडीगढ़. BADAL न्यूक्लियर डील के बारे में शिरोमणि अकाली दल की ओर से बेशक अभी कोई स्पष्ट फैसला लिया गया हो या नहीं लेकिन पार्टी में इस बात को लेकर नाराजगी है कि यूपीए ने डील पर पार्टी को विश्वास में नहीं लिया जबकि अन्य अपनी सहयोगी पार्टियों के अलावा यूपीए ने सपा को डील से अवगत करवाया। प्रधानमंत्री के सुरक्षा सलाहकार ने सपा को एटमी डील के बारे में पूरे विस्तार से बताया था।

शिरोमणि अकाली दल एनडीए का घटक दल है। पार्टी को इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। पार्टी के सुखदेव सिंह ढींढसा का कहना है कि अब जबकि एटमी डील पर यूपीए सरकार सभी नेशनल और क्षेत्रीय पार्टियों से समर्थन मांग रही है क्या इससे पहले क्षेत्रीय पार्टियों को डील के बारे में बताया जाना जरूरी नहीं था।

उन्होंने कहा कि वामपंथियों को संयुक्त कमेटी बनाकर हर पहलू,सरकार के बढ़ते हर कदम के बारे में जानकारी दी गई जबकि अच्छा यह होता कि सभी छोटी और बड़ी पार्टियों को एटमी डील के बारे में जानकारी दी जाती क्योंकि यह देश हित का मामला है। अकाली दल के बड़े नेता आज भी इसी बात को लेकर उलझे रहे कि क्या दल को एटमी डील का समर्थन करना चाहिए कि नहीं।

वास्तव में कल दिल्ली में एनडीए की हुई मीटिंग में भी अकाली दल ने अपनी राय एटमी डील के पक्ष में रखी थी जबकि वोटिंग के बारे में फैसला लेने के लिए पहले कोर कमेटी में फैसला करने के बारे में कहा गया। कोर कमेटी की मीटिंग 15 जुलाई को चंडीगढ़ में बुलाई गई है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कल भाजपा नीत एनडीए की मीटिंग में खुद भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं की राय भी अपनी आलाकमान के विपरीत डील के पक्ष में थी। अकाली दल ने भी चूंकि डील के बारे में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ इंद्र कुमार गुजराल से उनकी राय जानी है जिन्होंने इसका समर्थन किया है। गुजराल ने अकाली दल को राय देने से पहले कई वरिष्ठ अधिकारियों और वैज्ञानिकों से बात की।

दोस्त रोज नहीं बदले जाते
लुधियाना. दोस्त हर रोज नहीं बदले जाते। यूपीए सरकार के अविश्वास प्रस्ताव के मामले में शिरोमणि अकाली दल पूरी तरह से एनडीए के साथ है। इस बारे में अकाली दल की स्पष्ट नीति है।

यह घोषणा वीरवार को मास्टर तारा सिंह डिग्री कालेज में मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने एक संवाददाता सम्मेलन में की। उन्होंने बताया कि पार्टी महासचिव सुखदेव सिंह ढींडसा ने बुधवार को नई दिल्ली में एनडीए की बैठक में पार्टी की स्थिति स्पष्ट कर दी थी। परमाणु करार के बारे में उन्होंने कहा कि अकाली दल की एक बैठक 15 जुलाई को होगी, जिसमें इस मामले पर विचार किया जाएगा।

बिजली संकट के लिए कांग्रेस सरकार दोषी : बिजली संकट पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए पूर्व की कांग्रेस सरकार दोषी है। अभी लोगों को बिजली कट सहने ही पड़ेंगे, लेकिन वे जनता से वायदा करते हैं कि अकाली-भाजपा गठबंधन का कार्यकाल पूरा होने से पहले राज्य में 4 थर्मल प्लांट काम करना शुरू कर देगी और 7 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन शुरू हो जाएगा।

उन्होंने बताया कि इसी वर्ष के भीतर इन चारों थर्मल प्लांटों का शिलान्यास भी हो जाएगा। आदर्श शिक्षा स्कूलों की योजना फेल हो जाने के बारे में बादल ने कहा कि इस योजना पर काम चल रहा है। राज्य सरकार एक ब्लाक में स्कूलों के विकास के लिए 50 लाख रुपए की ग्रांट जारी कर रही है।

शिक्षा होगी बेहतर
उन्होंने कहा कि लुधियाना में 4500 मकान गरीबों को बनाकर दिए जा रहे हैं। राज्य सरकार शिक्षा की बेहतरी के लिए भी काम कर रही है। अमृतसर में विश्व स्तर का विश्वविद्यालय स्थापित करने का फैसला किया जा चुका है। केन्द्रीय विश्वविद्यालय स्थापित करने के लिए जमीन पसंद करने के लिए केंद्रीय टीम जल्द ही पंजाब आ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार 14 हजार अध्यापकों की भर्ती कर रही है।

इंजीनियरिंग की 10 फीसदी सीट आरक्षित
इससे पहले मास्टर तारा सिंह कालेज की कानवोकेशन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब बच्चों को पढ़ाने का प्रबंध करेगी। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग व मेडिकल कालेजों में 10 फीसदी सीटें गरीब बच्चों के लिए आरक्षित होंगी, जिन्हें मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।

बादल ने शिक्षा शास्त्रियों पर जोर देते हुए कहा कि वे इस प्रकार की आधुनिक तकनीक वाले शिक्षा का प्रबंध करे जिसमें शिक्षा ग्रहण करने पर युवाओं को असानी से रोजगार मिल सकें और वे बेकार नहीं घूमें।

..तो लड़के बनाएंगे खाना
बादल ने चुटकी लेते हुए कहा कि जिस प्रकार से लड़कियां आगे बढ़ रही है, एक दिन ऐसा आएगा कि लड़के घरों में खाना बनाएंगे और लड़कियां अधिकारी बन जाएगी। मुख्यमंत्री ने अंगहीन बच्चों की शिक्षा पर भी जोर दिया। उन्होंने कालेजों के लिए 10 लाख रुपए की ग्रांट देने तथा नगर निगम की जमीन लेने के लिए नगर निगम से प्रस्ताव पास कराने की बात कही।

कार्यक्रम में जेलमंत्री हीरा सिंह गाबड़िया, सांसद चरणजीत सिंह ढिल्लों, पंजाब विश्वविद्यालय के वीसी आरसी सोबती, हरीश राय ढांडा, हरीष बेदी व बावा अजीत सिंह भी मौजूद थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: