भोपाल. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी मंगलवार को कांग्रेस की रैली में जीप से गिरकर घायल हो गए। इससे उनकी दाहिनी तरफ की तीन पसलियां टूट र्गई।
कार्यकर्ताओं ने उन्हें उठाया, कुछ दूर पैदल चलकर वे रोशनपुरा चौराहे पर बने मंच पर पहुंचे। ज्यादा दर्द होने के कारण उन्होंने पट्टा बांधा और दवा खाई। इसी हालत में उन्होंने भाषण दिया और नारे लगवाए। सभा समाप्ति के बाद वे पुराने भोपाल के एक निजी अस्पताल पहुंचे,जहां उन्हें भर्ती कर लिया गया। डाक्टरों ने उन्हें कुछ दिन विश्राम की सलाह दी है।
श्री पचौरी के भर्ती होने की खबर लगते ही अस्पताल में उन्हें देखने वालों का तांता लग गया। राज्यपाल डा. बलराम जाखड़, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह और मुख्य सचिव राकेश साहनी ने अस्पताल जाकर उनकी कुशलक्षेम जानी। जिला प्रशासन के अधिकारी भी उनके हाल जानने पहुंचे। बताया जाता है कि श्री पचौरी की तीसरी, चौथी और छठवीं पसली में चोट आई है।