bhaskar Web English
HomeNewsMetrosChandigarh Chandigarh

सेंट्रल यूनिवर्सिटी का नाम होगा लॉर्ड कृष्णा

चंडीगढ़. हरियाणा में प्रस्तावित केन्द्रीय विश्वविद्यालय भगवान श्री कृष्ण के नाम पर महेंद्रगढ़ में 500 एकड़ भूमि पर स्थापित किया जाएगा ताकि इस क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा ग्रहण करने के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।

यह घोषणा मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को महेंद्रगढ़ में विधायक एवं संसदीय सचिव राव दानसिंह द्वारा आयोजित की गई आभार रैली को संबोधित करते हुए की। हुड्डा ने इस अवसर पर महेंद्रगढ जिले में लगभग 35 करोड़ रुपए की लागत की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।

पेयजल पर 653 करोड़ खर्च : मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा चालू वित्त वर्ष के दौरान प्रदेश के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 653 करोड़ रुपए की राशि निर्धारित की गई। इसके अतिरिक्त इस वर्ष 1050 गांवों में पीने के पानी की बढ़ोतरी का लक्ष्य रखा गया है।

आभार जताया : दक्षिणी हरियाणा क्षेत्र में केंद्रीय विश्वविद्यालय खोलने के फैसले पर रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा और साल्हावास की विधायक अनिता यादव ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा का आभार जताया है। इन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हुड्डा पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास कर रहे हैं।

एक मुख्यमंत्री भजनलाल ने तो अपने गुरु जम्भेश्वर के नाम पर अपने जिले हिसार में विश्वविद्यालय खोल दिया था जबकि एक अन्य मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने अपने सिरसा जिले में अपने पिता देवीलाल के नाम पर विश्वविद्यालय बना दिया था।

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार प्रो. वीरेंद्र ने कहा िक कांग्रेस सरकार ने दक्षिणी हरियाणा के अहीरवाल क्षेत्र के लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के नाम पर विश्वविद्यालय खोलना तय किया है।

रोजगारोन्मुखी शिक्षा का प्रयास

चंडीगढ़. मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि राज्य सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में आमूल चूल परिवर्तन करके इसको पूर्णरूप से रोजगारोन्मुखी बनाने का प्रयास किया है। शिक्षा के मामले में प्रदेश सरकार ने अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं जिनका अनुसरण करके दूसरे प्रदेश भी इसे मॉडल के रूप में अपना रहे है। मुख्यमंत्री रविवार को स्थानीय सिंचाई विश्राम गृह में लोगों की शिकायतें सुन रहे थे।

इन समस्याओं में अधिकांश बिजली,पेयजल तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी समस्याएं थी। उन्होंने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिले में चल रही विकास परियोजनाओं को शीघ्रता से समय पर सिरे चढ़ाएं।

उन्होंने कहा कि ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय की तरह सोनीपत जिले के कुंडली गांव में राजीव गांधी एजूकेशन सिटी की शुरुआत सितंबर माह से कर दी जाएगी। इस एजूकेशन सिटी में 25 प्रतिशत सीटें हरियाणा के छात्रों के लिए आरक्षित की जाएंगी। रोहतक जिले के गांव गरनावठी में प्रबंधन शिक्षा प्रदान करने के लिए एक आईआईएम संस्थान की स्थापना शीघ्र की जाएगी,जिसका प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तकनीकी शिक्षा पर भी विशेष जोर दे रही है ताकि युवाओं को शिक्षा पूरी करने के बाद रोजगार के लिए दर-दर न भटकना पड़े। रोजगार प्रदान करने के लिए एक नई पहल की है और आने वाले दिनों में राज्य के शिक्षित नौजवान राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जाने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं में अन्य प्रतियोगियों को मात देने में कामयाब होंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: