इंदौर. रविवार को उम्मीद थी पूरे शहर को कफ्यरू से पूरी तरह नहीं तो कुछ घंटों की राहत तो मिलेगी ही लेकिन हुआ ठीक उल्टा। छूट उन 13 थाना क्षेत्रों में दी गई जहां अब तक नहीं दी गई थी। वह भी महिलाओं-बच्चों के लिए केवल दो घंटे ही। शेष शहर पूरे दिन कफ्यरू से राहत का इंतजार ही करता रहा।
जहां छूट मिली वहां सब्जी, दूध, पानी और जरूरत का सामान जुटाने की होड़ लग गई। महिलाएं-बच्चे सब्जियों का थैला थामे भागते नजर आए। किराना दुकानों पर भी भारी भीड़ लगी थी। कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा। उधर, बाहरी क्षेत्रों में कफ्यरू केवल दुकानों पर ही नजर आया। वहां लोगों की आवाजाही पर ज्यादा असर नहीं पड़ा है। पुलिस बल भी नहीं के बराबर रहा।
पलासिया क्षेत्र में ढील की अफवाह!
बह पलासिया थाने से लगे पूर्वी क्षेत्र की कॉलोनियों में छूट की अफवाह फैल गई। इसके चलते तिलकनगर, वंदनानगर, बख्तावररामनगर, सांईनाथ कॉलोनी, महावीरनगर, टेलीफोननगर, साकेत, बंगाली चौराहा सहित कई कॉलोनियों के रहवासी खरीदारी करने निकल आए। तिलकनगर में तो कुछ दुकानें खुल गईं जिन्हें पुलिसकर्मियों ने बंद करवाया।
तिलकनगर सब्जी मंडी में सुबह दर्जनभर सब्जी वाले भी आ गए थे। शुरुआत में तो पुलिसकर्मियों ने लोगों को सब्जियां खरीदने की अनुमति दे दी लेकिन भीड़ बढ़ने लगी तो फेरीवालों को ही हटा दिया। कुछ व्यापारी दुकानों से दूध बेच रहे थे। उनके शटर गिरवाए और केवल दूध बेचने को कहा। सुबह क्षेत्र की हलचल देखकर नहीं लग रहा था कि कफ्यरू लगा है।
सब्जी सस्ती लाए, मनमाने दामों पर बेची
तिलकनगर में सब्जी विक्रेताओं ने कफ्यरू का जमकर फायदा उठाया। टमाटर ही 50 रुपए किलो तक बेचे गए। अन्य सब्जियों के भी दाम ऐसे ही थे। वही टमाटर ठेले वाले घर लौटते वक्त 20 रुपए किलो में दे गए। एक सब्जी विक्रेता ने बताया चोइथराम मंडी में सब्जियों की आवक बहुत है लेकिन खपत नहीं इसलिए वहां बेहद सस्ती सब्जियां मिल रही हैं। शहर में कफ्यरू के कारण ऊंचे दाम मिल रहे हैं।
खूब बिके पोहे-कचोरी
आनंद बाजार भी सुबह से आबाद था। साढ़े आठ बजे तो लोगों की भीड़ और रास्ते में खड़ी कारों के कारण जाम लग गया। जिसे जहां जगह मिली, वाहन खड़े कर खरीदारी और खाने-पीने में लग गया। यहां पोहे, कचोरी-समोसे खूब बिके। कई लोगों ने पहले वहां नाश्ता किया फिर पैक भी कराया।