अहमदाबाद. आसाराम बापू आश्रम द्वारा संचालित गुरुकुल के समीप इसके दो छात्रों के शव रहस्यमय परिस्थितियों में बरामद किए गए हैं। दोनों छात्र गुरुवार से लापता थे। पुलिस ने हत्या की आशंका व्यक्त की है।
अभिषेक और दीपेश वाघेला नामक दस वर्षीय चचेरों भाइयों के शव साबरमती नदी तट स्थित आश्रम के पिछले भाग से लगभग 700 मीटर दूर मिले हैं। अभिषेक छटी व दीपेश पांचवी कक्षा का छात्र था। गुरुवार की रात रोलकॉल के दौरान दोनों के लापता होने का पता चला था। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिए गए हैं। साबरमती थाने के पुलिस इंस्पेक्टर बी. झाला ने उनकी हत्या की आशंका जताई है।
इस बीच, मृत बालकों के परिजनों ने घटना के लिए आश्रम को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि छात्रों के लापता होने की जानकारी मीडिया को न देने के लिए उन्हें धमकाया गया था। हालांकि आश्रम के एक अधिकारी उदय संगाणी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।