भोपाल.वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को इंदौर शहर में प्रवेश न देने के विरोध में नेता प्रतिपक्ष जमुनादेवी ने रविवार को दोपहर सीएम हाउस के सामने पहुंचकर धरना दिया। पुलिस ने उन्हें जबरन गिरफ्तार कर बस में बैठाने की कोशिश की इस दौरान श्रीमती जमुनादेवी सड़क पर ही बेहोश हो गई। घटनाक्रम दोपहर 2.45 बजे से शुरु हुआ जब नेता प्रतिपक्ष जमुनादेवी इंदौर मामले पर विरोध जताने सीएम हाउस पहुंचीं। शुरुआती दौर में तो इक्का-दुक्का कांग्रेस नेता ही वहां पहुंचे, लेकिन चंदमिनटों में यह खबर राजधानी के कांग्रेस नेताओं को लगी। थोड़ी ही देर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सीएम हाउस का घेराव कर नारेबाजी करने लगे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने उनसे धरना समाप्त करने का आग्रह किया।
जब नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मानक अग्रवाल,प्रवक्ता जेपी धनोपिया धरना से नहीं उठे तो पुलिस ने उन्हें जबरन गिरफ्तार कर बस में बैठाने की कोशिश की,साथ ही पुलिस ने नेताओं को घसीटते हुए वाहन तक ले गए । इस दौरान श्रीमती जमुनादेवी सड़क पर ही बेहोश हो गई। आनन-फानन में मुख्यमंत्री निवास से डाक्टर बुलाया गया। उन्होंने उपचार कर होश में लाया गया और बाद में उनके साथ अन्य सभी कांग्रेसजनों को गिरफ्तार कर सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
जेल परिसर में भी कांग्रेस नेताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की,बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया । नेता प्रतिपक्ष जमुनादेवी ने अधिवक्ता के माध्यम से मुख्यमंत्री,कलेक्टर,पुलिसअधीक्षक के विरूद्व श्यामलाहिल्स थाने में शिकायत की है।